नई दिल्ली : देशभर में मानसून का असर तेज, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
देश में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में अगले 48 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश हो सकती है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश में अति भारी वर्षा का अनुमान
आईएमडी के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आज बेहद भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह गुजरात, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है।
पूर्वी व उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी सक्रिय मानसून
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत के राज्यों में भी अगले दो से तीन दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी झमाझम बारिश के आसार
दक्षिण भारत के तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कई हिस्सों में भी सामान्य से भारी वर्षा के संकेत हैं। इसके साथ ही लक्षद्वीप और यनम में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, कोंकण, ओडिशा, हिमाचल, उत्तराखंड और केरल में भारी बारिश दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में तेज हवाएं भी चलीं जिनकी गति 60-80 किमी प्रति घंटा रही।
IMD ने दी यह चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें और बहुत जरूरी न हो तो भारी बारिश के दौरान बाहर निकलने से बचें। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलते नुकसान की आशंका भी जताई गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन