रायपुर : नवा रायपुर सुनियोजित विकास से बनेगा देश की सबसे स्मार्ट राजधानी - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 06 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आवास एवं पर्यावरण विभाग की विस्तारपूर्वक समीक्षा बैठक ली। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि नवा रायपुर का सुनियोजित और सुव्यवस्थित विकास सरकार की प्राथमिकता सूची में शीर्ष पर है।
बैठक में वित्त एवं आवास पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य की जरूरतों के हिसाब से नागरिक सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाए ताकि आने वाले वर्षों में नवा रायपुर देश की सबसे खूबसूरत और स्मार्ट राजधानी के रूप में अपनी पहचान बनाए रख सके।
उन्होंने नवा रायपुर में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए परमालकसा - खरसिया नई रेलवे लाइन को नवा रायपुर से जोड़ने की योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए इस दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापट्टनम को जोड़ने वाले एक्सप्रेस-वे के निर्माण से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में लॉजिस्टिक हब विकसित करने पर भी बल दिया, जिससे आयात-निर्यात और निवेश को गति मिलेगी।
बैठक में नवा रायपुर के हरित विकास पर भी चर्चा हुई। ऑक्सीजोन के तहत पीपल, बरगद, करंज, नीम जैसे पौधों के बड़े पैमाने पर रोपण की जानकारी मुख्यमंत्री ने ली और इस अभियान को और मजबूत करने की बात कही।
राज्य सरकार अब नवा रायपुर में वर्किंग वुमन हॉस्टल, 100 बिस्तरों का आधुनिक अस्पताल और एक नया थाना स्थापित करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। साथ ही विभिन्न आयोग, बोर्ड और निगमों के लिए नया बिडिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जो भूखंड विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए आबंटित किए गए हैं, उनका समुचित उपयोग हो ताकि शहर का विकास सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ सके। उन्होंने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड, गृह निर्माण मंडल, नगर तथा ग्राम निवेश और रेरा जैसे विभागों के काम-काज की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत नवा रायपुर में निवेश बढ़ने की पूरी संभावना है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और छत्तीसगढ़ देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों की सूची में शामिल होगा।
इन्हे भी पड़े :-
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में घोर भ्रष्टाचार का आरोप, छात्रों ने राजेश मूणत से की शिकायत
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन