CG में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी सौगात : CM साय ने 370 नई एम्बुलेंस को किया रवाना, अब शहर में 15 और गांव में 30 मिनट में मिलेगी 108 सेवा
रायपुर : छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 370 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर सभी जिलों के लिए रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा का विस्तार पूरे प्रदेश में लागू हो गया है, जिससे मरीजों को तेज और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इस नई व्यवस्था में 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं। खास बात यह है कि पहली बार 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस भी शुरू की गई हैं, जो नवजात शिशुओं के लिए चलते-फिरते ICU की तरह काम करेंगी।
ये एम्बुलेंस गंभीर स्थिति में नवजातों को सुरक्षित रूप से उच्च स्तरीय अस्पतालों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत शहरों में 15 मिनट और ग्रामीण इलाकों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे आपात स्थिति में समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नियोनेटल एम्बुलेंस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इनमें इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप, नेब्युलाइज़र, सक्शन मशीन और पर्याप्त ऑक्सीजन सपोर्ट जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं। साथ ही प्रशिक्षित इमरजेंसी टेक्नीशियन, 24 घंटे ईएमटी और पायलट की तैनाती के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों का ऑनलाइन मार्गदर्शन भी उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा BLS और ALS एम्बुलेंस में भी आधुनिक उपकरण जैसे बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर और ग्लूकोमीटर दिए गए हैं, जिससे मौके पर ही प्राथमिक और उन्नत उपचार संभव होगा। गंभीर मरीजों के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर और अन्य जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन