: कांकेर में रबी फसल की तैयारी पर जोर, किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
admin Thu, Oct 24, 2024
बुधवार को जिला पंचायत हॉल में कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में कृषि विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रबी फसलों के लिए फील्ड अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम और विभिन्न कृषि संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने सभी फील्ड अधिकारियों को किसानों के खेतों का नियमित दौरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे किसानों को सरकारी योजनाओं और कृषि से जुड़ी तकनीकी जानकारी प्रदान करें, साथ ही फसलों में कीट और रोग नियंत्रण के लिए उचित सलाह दें। कलेक्टर दीपक सोनी ने किसानों की समस्याओं को तुरंत हल करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी किसान को अधिकारी की लापरवाही के कारण किसी समस्या का सामना करना पड़ा, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण वितरण के लिए समितियों में भेजें और ऋण स्वीकृति सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों का बीमा करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया।पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए धान की कटाई के बाद बचे हुए फसल अवशेषों के प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी किसानों का डेटा आगे बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2024 तक सत्यापन का कार्य पूरा करें। रबी फसलों के लिए 7334.50 क्विंटल बीज की मांग की गई है, जिसके लिए बीज निगम के अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रीष्मकालीन धान की खेती का क्षेत्र कम कर अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसान सेमिनार आयोजित करने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कृषक मित्र, कृषि सखी और पशु सखी को जल संरक्षण के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 797 हेक्टेयर क्षेत्र में बीज उत्पादन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा ताकि आने वाले वर्षों में अन्य जिलों पर निर्भरता कम हो सके। इसके साथ ही, मिलेट्स की खेती को भी प्रोत्साहित किया जाएगा और किसानों को उनकी मांग के अनुसार बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।कार्यक्रम के अंत में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों – दत्तात्रेय ठाकरे, अश्विनी कुमार साहू, बृजेश कुमार यादव, युरांशी नवरंग और हरिकिशन चंद महिलांगे को प्रोत्साहन स्वरूप बैग, वजन मापक यंत्र और टेप प्रदान किए गए। इस बैठक में उप निदेशक कृषि दीपक कुमार नायक, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, RAEO, समिति प्रबंधक, ड्रोन पायलट और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन