कोरबा छत्तीसगढ़ : कोरबा में पहली बार दिखा खतरनाक रसेल वाइपर सांप, बायोडायवर्सिटी में जुड़ा नया नाम
admin Tue, Jun 10, 2025
देश के सबसे ज़हरीले सांपों में शुमार रसेल वाइपर अब छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भी पाया गया है। यह पहली बार है जब कोरबा में इस दुर्लभ प्रजाति के सांप की पुष्टि हुई है। इससे पहले यहां सिर्फ किंग कोबरा की उपस्थिति मानी जाती थी, जो पहले से ही कोरबा के जंगलों में स्थाई रूप से रह रहा है।
हाल ही में कोरबा से 25 किमी दूर कनकी गांव में लोगों ने सीटी जैसी आवाज निकालने वाले सांप को देखने की सूचना दी थी। नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के वरिष्ठ रेस्क्यूअर जितेन्द्र सारथी और राजू बर्मन की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस रसेल वाइपर को सुरक्षित पकड़ा और उसे जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान सांप को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में शामिल है रसेल वाइपर
वन विभाग के एसडीओ आशीष खेलवार ने बताया कि भारत के चार सबसे ज़हरीले सांप – नाग (कोबरा), कॉमन करैत, बैंडेड करैत और रसेल वाइपर – में से तीन पहले से कोरबा में मौजूद थे। अब रसेल वाइपर भी इस सूची में शामिल हो गया है।
इस खोज ने कोरबा की बायोडायवर्सिटी को और भी खास बना दिया है। यहां किंग कोबरा की स्थायी उपस्थिति पहले से थी, जो मध्य भारत में एकमात्र है।
क्यों खतरनाक है रसेल वाइपर?
रसेल वाइपर को "एशिया का लैण्ड माइन" कहा जाता है क्योंकि यह अक्सर जमीन पर बिना हिले-डुले छिपा रहता है।
इसका ज़हर रक्त कोशिकाओं को नष्ट करता है और यदि समय पर इलाज न मिले तो जानलेवा साबित हो सकता है।
यह सांप तेज आवाज में सीटी जैसी ध्वनि निकालता है और बेहद गुस्सैल स्वभाव का होता है।
इसकी बनावट अजगर से मिलती-जुलती है, जिससे लोग अक्सर भ्रमित हो जाते हैं, लेकिन इसका ज़हर बहुत खतरनाक होता है।
घबराएं नहीं, इलाज संभव है
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि रसेल वाइपर काट ले तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसका एंटीवेनम उपलब्ध है और समय पर अस्पताल पहुंचने से इलाज पूरी तरह संभव है। भारत में बनने वाले पॉलीवैलेंट एंटी स्नेक वेनम में इसका विष भी उपयोग किया जाता है।
क्या बरतें सावधानी?
यदि रसेल वाइपर दिखे तो पास न जाएं।
इसे अजगर समझने की भूल न करें।
तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचित करें।
खेतों व झाड़ियों में सावधानी से चलें, क्योंकि यह वहीं सक्रिय रहता है।
कोरबा: सांपों का सुरक्षित घर
किंग कोबरा के बाद अब रसेल वाइपर की मौजूदगी ने साबित कर दिया है कि कोरबा जिले की जैव विविधता बेहद समृद्ध है। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे दुर्लभ जीव हमारे पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा और संरक्षण बेहद जरूरी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन